परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली
सकलडीहा। विकास खंड क्षेत्र के सलेमपुर गांव में रविवार को विराट कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इसमें चंदौली जनपद सहित आसपास के अन्य जनपदों से आए पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला और शारीरिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। दंगल में करीब 30 जोड़ी पहलवानों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें 25 कुश्तियां बराबरी पर छूटीं। वहीं, अंतिम और सबसे बड़ी 10 हजार रुपये की कुश्ती में दरियापुर के पहलवान मृत्युंजय ने शानदार जीत दर्ज की।

रोमांचक मुकाबले पर दर्शकों ने बजाईं तालियां
दंगल के दौरान पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेच और दमखम को देखकर दर्शक रोमांचित होते रहे। विशेष रूप से 10 हजार रुपये की अंतिम कुश्ती काफी रोमांचक रही। मुकाबले के दौरान दर्शक तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साहवर्धन करते और उन्हें ललकारते रहे। दूर-दराज से पहुंचे पहलवानों को भी सम्मानित किया गया। रेफरी का कार्य बबलू पहलवान ने किया।
इस अवसर पर सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव, भाजपा के वरिष्ठ नेता जयश्याम त्रिपाठी, मानद सदस्य अम्बरीष सिंह भोला, अजीत पाठक, डॉ. विवेक, कैलाशनाथ यादव, डॉ. पीएन दुबे, शिवा मिश्रा, रिंकू यादव, आकाश पांडेय, माधव पांडेय और अधिवक्ता अतुल तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन कवि शैलेन्द्र पांडेय ने किया। आयोजन की व्यवस्था में नीरज चौबे की प्रमुख भूमिका रही।



