परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। सकलडीहा हाईवे से ताजपुर होते हुए रूपेठा तक जाने वाला मार्ग जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गया है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सड़क के किनारे सकलडीहा रजवाहे का तटबंध बराबर होने के कारण आमने-सामने वाहन आने पर नहर में गिरने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों की शिकायत के बावजूद लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
हजारों लोगों का प्रतिदिन होता है आवागमन
सकलडीहा रजवाहे से होकर तेंदुई, सिरोहुपुर, दुर्गापुर, ताजपुर, हरिहरपुर, लेहरा, सरेहुआ कला, सरेहुआ खुर्द और रूपेठा तक जाने वाला यह मार्ग कई गांवों को जोड़ता है। सुबह और शाम इस मार्ग पर नर्सिंग की छात्राओं सहित हजारों लोगों का आवागमन होता है। सड़क में बने गहरे गड्ढे दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
नहर में गिरने का बना रहता है खतरा
ग्रामीणों के अनुसार रजवाहे का तटबंध कई स्थानों पर सड़क के बराबर हो गया है। ऐसे में दो वाहनों के आमने-सामने आने पर चालकों को वाहन नियंत्रित करने में परेशानी होती है और नहर में गिरने का खतरा बना रहता है। बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है।
विद्यालय के पास जलभराव से परेशानी
ताजपुर गांव के समीप चौहान बस्ती और परिषदीय विद्यालय भी स्थित है। रजवाहे में पानी बढ़ने पर कई बार सड़क पर पानी बहने लगता है, जिससे विद्यालय परिसर में भी पानी पहुंचने की स्थिति बन जाती है। इससे विद्यार्थियों और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
ग्रामीणों ने की सड़क और तटबंध की मरम्मत की मांग
पूर्व ग्राम प्रधान अमित सिंह, प्रधान सतीश चंद्र, सुभाष पांडेय, राजेश चौहान सहित ग्रामीणों ने जर्जर सड़क की मरम्मत कराने के साथ रजवाहे के तटबंध को भी दुरुस्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सड़क और तटबंध की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
शिकायत पर मरम्मत का आश्वासन
उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत संज्ञान में है। सड़क और सकलडीहा रजवाहे के तटबंध की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाएगा।


