परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
चहनियां। स्थानीय क्षेत्र के ग्रामसभा भलेहटा में शनिवार की रात तेज बारिश के चलते एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। संयोग अच्छा रहा कि हादसे के समय परिवार के सदस्य मकान से बाहर निकल चुके थे, जिससे बड़ी जनहानि होने से बच गई। मकान गिरने से घर में रखा खाद्यान्न, चारपाई, बिस्तर, बर्तन समेत अन्य घरेलू सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया।
भोजन के बाद बाहर निकला था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार भलेहटा निवासी दुलारे राम पुत्र स्वर्गीय रामधनी का कच्चा मकान शनिवार की रात करीब नौ बजे अचानक ढह गया। बताया गया कि परिवार के सदस्य भोजन करने के बाद किसी कार्य से घर से बाहर निकले ही थे कि इसी दौरान मकान भरभराकर गिर पड़ा।
मलबे में दबकर खाद्यान्न व घरेलू सामान नष्ट
मकान गिरने से करीब तीन मन चावल, दो मन गेहूं, चारपाई, बिस्तर, बर्तन तथा अन्य घरेलू सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। अचानक मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
खुले आसमान के नीचे बिताई रात
मकान के गिर जाने के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया। परिजनों को पूरी रात खुले आसमान के नीचे रहने के लिए मजबूर होना पड़ा। बारिश के बीच आशियाना छिन जाने से परिवार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई मदद की गुहार
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन का ध्यान इस घटना की ओर आकृष्ट कराते हुए पीड़ित परिवार को अविलंब अहेतुक सहायता राशि उपलब्ध कराने तथा आवास योजना के तहत पक्का मकान दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में परिवार को तत्काल राहत और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जाना बेहद जरूरी है।


