हेलमेट व सीटबेल्ट लगाने की दिलाई शपथ
परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के ताजपुर गांव स्थित एम्ब्रोसिया एकेडमी में गुरुवार को यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा की उपस्थिति में यातायात पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात के लिए नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।

हेलमेट और सीटबेल्ट का प्रयोग जरूरी
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट का प्रयोग अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए। इसी प्रकार चार पहिया वाहन में यात्रा करते समय सीटबेल्ट लगाना सुरक्षा के लिए बेहद आवश्यक है। पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों को यातायात संकेतों, लाल बत्ती, जेब्रा क्रॉसिंग तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

नाबालिग वाहन चलाने से बचें
क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि नाबालिगों को वाहन चलाने से बचना चाहिए। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग, कान में श्रवण यंत्र लगाकर वाहन चलाना, गलत दिशा में वाहन चलाना तथा मोड़ पर आगे निकलने का प्रयास करना दुर्घटना का कारण बन सकता है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और उनका ईमानदारी से पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है।
विद्यार्थियों ने लिया सड़क सुरक्षा का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने यातायात नियमों का स्वयं पालन करने तथा अपने माता-पिता, परिजनों और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने हेलमेट और सीटबेल्ट के प्रयोग को अपनी आदत में शामिल करने की बात कही।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर अरविंद कुमार सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


