जिलाधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जारी किया कार्यालय आदेश
परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान तथा जनपद में हो रही वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर 26 सितंबर 2026 को जनपद के कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालय बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने शुक्रवार को कार्यालय आदेश जारी कर सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देशित किया है।

मान्यता प्राप्त विद्यालय भी आदेश के दायरे में
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार 26 सितंबर को जनपद चंदौली के सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, आईसीएसई, सीबीएसई तथा अन्य बोर्ड के हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के कक्षा 1 से 8 तक के समस्त विद्यालय बंद रहेंगे।
यह निर्णय मौसम विभाग के पूर्वानुमान एवं जनपद में हो रही वर्षा को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है।
शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय पहुंचेंगे
विद्यालय बंद रहने के बावजूद सभी शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी अपने विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। उन्हें विद्यालय पहुंचकर विभागीय कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शिक्षक एवं कर्मचारी डीबीटी, अपार आईडी, यू-डायस आदि विभागीय कार्यों का समय से निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।
आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालयों को जारी आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विद्यालय स्तर पर आदेश के अनुपालन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने को कहा गया है।


