1673 मतदान केंद्रों पर सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे बीएलओ, अब तक नए नाम जोड़ने के लिए मिले 20,828 आवेदन
परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को गति देने के लिए आगामी 28 और 29 नवंबर को जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहकर मतदाताओं से नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से संबंधित आवेदन प्राप्त करेंगे। जनपद में कुल 1673 मतदान केंद्रों पर यह अभियान चलाया जाएगा।

इस संबंध में बुधवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। इसमें मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
16 दिसंबर तक चलेगा पुनरीक्षण अभियान
बैठक में बताया गया कि एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर तैयार की जा रही निर्वाचक नामावलियों का प्रारूप 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित किया जा चुका है। यह मतदाता सूची जनपद के सभी मतदान केंद्रों, तहसील कार्यालयों, जिला निर्वाचन कार्यालय तथा जनपद की आधिकारिक वेबसाइट chandauli.nic.in के जिला निर्वाचन अधिकारी पोर्टल पर निःशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध है। मतदाता सूची के पुनरीक्षण की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है।
अभियान के अंतर्गत निर्धारित विशेष शिविरों में 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) को बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। इस दौरान नागरिक अपने आवेदन जमा कर सकते हैं।
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी जुड़वाएं नाम
अधिकारियों ने बताया कि ऐसे युवा, जो एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रारूप-6 भरकर संबंधित बीएलओ अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में संशोधन, मतदाता पहचान पत्र बदलवाने, दिव्यांग मतदाताओं के चिह्नांकन तथा निवास परिवर्तन के लिए प्रारूप-8 भरकर आवेदन किया जा सकता है।
नागरिक भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.voters.eci.gov.in अथवा ईसीआईनेट मोबाइल ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए जनपद के टोल फ्री नंबर 05412-1950 पर सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक संपर्क किया जा सकता है।
अब तक 20,828 नए नाम जोड़ने के आवेदन
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को निर्वाचन आयोग का एनडब्ल्यूटी वेबपेज फ्रीज किए जाने के बाद एक नवंबर से ऑनलाइन तथा 17 नवंबर से प्राप्त ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदनों को मिलाकर 23 नवंबर तक जनपद में कुल 26,470 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 20,828 आवेदन नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, 2,470 आवेदन नाम हटाने तथा 3,172 आवेदन मतदाता सूची में संशोधन से संबंधित हैं।
महिला और युवा मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने पर जोर
बैठक में जनपद के महिला मतदाता लिंगानुपात पर भी चिंता जताई गई। बताया गया कि जिले में महिला मतदाताओं का लिंगानुपात 840 है, जबकि जनसंख्या में महिलाओं का अनुपात 913 है। इस अंतर को देखते हुए महिला मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने के साथ ही युवा मतदाताओं को भी मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस कार्य में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं से सहयोग की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि पात्र महिलाओं और युवाओं को चिह्नित कर उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए जागरूक किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
पूरक सूचियां भी उपलब्ध, कार्यालय से लें निःशुल्क प्रति
बैठक में यह भी बताया गया कि 11 अप्रैल 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक मतदाता सूची में किए गए नामों के परिवर्धन, अपमार्जन और संशोधन से संबंधित पूरक सूचियों को 17 नवंबर को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में शामिल कर लिया गया है। इनकी एक-एक प्रति संबंधित कार्यालय से निःशुल्क प्राप्त की जा सकती है।
इसके अतिरिक्त 17 नवंबर 2026 से प्रतिदिन प्राप्त होने वाले दावे और आपत्तियों की पूरक सूचियां जनपद की आधिकारिक वेबसाइट https://chandauli.nic.in/ac-wise-form-91011-11a/ पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। नागरिक वेबसाइट के माध्यम से भी मतदाता सूची से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।



