कोरोना काल से बंद तीन एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बहाल कराने के लिए लामबंद हुए क्षेत्रीय लोग
परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली
सकलडीहा। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। कोरोना काल से बंद ट्रेनों का ठहराव बहाल कराने के लिए क्षेत्रीय लोगों ने 26 नवंबर से रेलवे स्टेशन के समीप शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में आयोजकों ने रेल अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर धरना-प्रदर्शन के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सहयोग मांगा है।

कोरोना काल के बाद बंद हुआ ट्रेनों का ठहराव
समाजसेवी जयराम राय, बबलू पासवान और सोनू कुमार ने प्रार्थना पत्र में बताया कि कोरोना काल से पहले सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर तीन एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव होता था। लेकिन कोरोना काल के बाद इन ट्रेनों का ठहराव बंद कर दिया गया। इसके कारण सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र, तहसील क्षेत्र तथा आसपास के दर्जनों गांवों के यात्रियों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
दूसरे स्टेशनों का सहारा लेने को मजबूर यात्री
क्षेत्रीय लोगों के अनुसार दिल्ली, मुंबई, पंजाब, बंगाल सहित देश के विभिन्न महानगरों तक यात्रा करने के लिए लोगों को दूसरे रेलवे स्टेशनों का सहारा लेना पड़ता है। इससे यात्रियों को अतिरिक्त समय और धन खर्च करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सकलडीहा रेलवे स्टेशन क्षेत्र का प्रमुख रेलवे केंद्र है। ऐसे में यहां पूर्व की भांति एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बहाल किया जाना जनहित में आवश्यक है।
26 नवंबर से शांतिपूर्ण धरना देने की तैयारी
इसी मांग को लेकर 26 नवंबर से रेलवे स्टेशन के समीप शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित है। आयोजकों ने जीआरपी प्रशासन से धरने के दौरान सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है, ताकि क्षेत्रीय लोग लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रेलवे प्रशासन तक पहुंचा सकें।
इस संबंध में स्टेशन उप प्रबंधक शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि क्षेत्रीय ग्रामीणों की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। इसे आवश्यक कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है।



