परिवर्तन टूडे न्यूज, चंदौली
सकलडीहा। क्षेत्र के दिघवट गांव स्थित श्री श्री बाबा बाढ़ू बीर मंदिर में रविवार को सातवें भंडारे का आयोजन किया गया। देर रात तक चले इस धार्मिक कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सनातन धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए समाज के सभी वर्गों से एकजुट होने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर का सुंदरीकरण कराने का आश्वासन भी दिया।
सनातन धर्म को आगे बढ़ाने का आह्वान
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विश्व स्तर पर राष्ट्र और सनातन धर्म की प्रतिष्ठा बढ़ी है। सनातन धर्म को आगे बढ़ाने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों और मंदिरों के विकास में राजभर समाज सहित सभी लोगों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है, ताकि समाज को सही दिशा मिल सके।
मंदिर के सुंदरीकरण का दिया आश्वासन
मंत्री ने दिघवट गांव स्थित श्री श्री बाबा बाढ़ू बीर मंदिर का सुंदरीकरण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि गांव के लोग धार्मिक और सामाजिक कार्यों के लिए आगे आएं, उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर के पुजारी शंकर राजभर, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामसूरत राजभर ने मंत्री को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के समापन पर मंत्री सहित श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर भाजपा नेता सूर्यमुनि तिवारी, अमरजीत राजभर, रामसूरत राजभर, सुभाष, विक्की, लालदेव राजभर, मगरू राजभर, रामअवध, चंद्रमा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं उपस्थित रहीं।



