एक नवंबर को चंदौली में लगेगा वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर
परिवर्तन टूडे न्यूज, चंदौली
Story By- राहुल गिरी
धानापुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार आगामी एक नवंबर 2026 को जनपद चंदौली में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों के क्रम में सोमवार, 26 अक्टूबर को विकास खंड धानापुर में प्री-मेगा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की और उपस्थित लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

विभिन्न विभागों ने लगाए शिविर
प्री-मेगा शिविर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से सीमा विश्वकर्मा, इफको से दिग्विजय सिंह, बेसिक शिक्षा विभाग से रामनिवास दुबे, समाज कल्याण विभाग से सहायक विकास अधिकारी सौरभ सिंह, पंचायती राज विभाग से संजीव सिंह तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर से अंकित राय शामिल हुए। इसके अलावा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता, कृषि विभाग से राघवेंद्र यादव सहित अन्य विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
योजनाओं का लाभ लेने के लिए किया जागरूक
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से उपस्थित जनसमूह को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, उनकी पात्रता तथा उनसे मिलने वाले लाभों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। आगामी एक नवंबर को आयोजित होने वाले वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के माध्यम से भी लोगों को विधिक सहायता और विभिन्न सरकारी सेवाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने की तैयारी है।



