नवरात्र से पहले मंदिरों, घाटों और प्रमुख मार्गों की साफ-सफाई के निर्देश
परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। शारदीय नवरात्र और अन्य धार्मिक पर्वों को देखते हुए सकलडीहा कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई, जल निकासी और अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। रविवार को दुर्गा पूजा सेवा समिति के पदाधिकारियों ने मंत्री अनिल राजभर से मिलकर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को नवरात्र से पूर्व नियमित साफ-सफाई कराने तथा मंदिरों, मार्गों और घाटों के अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में लापरवाही मिलने पर जांच कराकर संबंधित कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य मार्ग से लेकर घाटों तक गंदगी का अंबार
समिति के पदाधिकारियों ने मंत्री को बताया कि सकलडीहा कस्बे के मुख्य मार्ग सहित मंदिरों और घाटों पर साफ-सफाई का अभाव है। कई स्थानों पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। घाटों का निर्माण कार्य भी अधूरा पड़ा है। आगामी दिनों में शारदीय नवरात्र, डाला छठ, दीपावली सहित कई प्रमुख धार्मिक पर्व होने हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए समय रहते व्यवस्थाएं दुरुस्त कराया जाना आवश्यक है।
जल निकासी की समस्या से जूझ रहे कस्बावासी
सकलडीहा कस्बे में बीते कई माह से नाला और जल निकासी की समस्या बनी हुई है। बारिश के दौरान जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खेल मैदान में भी पानी भरा हुआ है। अधिकारियों के प्रयास के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। तहसील और ब्लॉक मार्ग पर चल रहे नाला निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी लोगों ने सवाल उठाए हैं।
पितृपक्ष में प्राचीन घाटों की सफाई के निर्देश
मंत्री ने पितृपक्ष को देखते हुए बलुआ सहित क्षेत्र के प्राचीन घाटों पर विशेष साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों और घाटों पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभाग नियमित रूप से सफाई व्यवस्था की निगरानी करें और जहां निर्माण कार्य अधूरे हैं, उन्हें समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए।
हाईवे की लाइटें शुरू कराने का निर्देश
मंत्री ने हाईवे निर्माण कराने वाली कार्यदायी संस्था से हाईवे पर लगी लाइटों को भी शीघ्र शुरू कराने के लिए कहा। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र की जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने चेताया कि नाला निर्माण, घाट निर्माण और जल निकासी की समस्या के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आई तो संबंधित कार्यदायी संस्था के कार्यों की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर दुर्गा पूजा सेवा समिति के पदाधिकारी डॉ. अभय वर्मा, रतेन्द्र राजभर, विकास राय, रामप्यारे, रोहित, रमाशंकर राजभर, मनोज शर्मा, कमलेश सिंह यादव, डॉ. देवेंद्र प्रताप सिंह यादव, गुरुप्रकाश, विपिन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


