गंगा किनारे मिट्टी खोदते समय हुआ हादसा, घायल महिला बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर; तीन बच्चों के सिर से पहले ही उठ चुका है पिता का साया
परिवर्तन टूडे न्यूज, चंदौली
चहनिया। बलुआ थाना क्षेत्र के बलुआ कस्बा स्थित निषाद बस्ती में मंगलवार को गंगा किनारे मिट्टी खोदते समय अचानक टीला ढहने से दो महिलाएं उसके नीचे दब गईं। हादसे में 54 वर्षीय तेतरा देवी की मौत हो गई, जबकि 36 वर्षीय लक्ष्मीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को बेहतर उपचार के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और बस्ती में शोक छा गया।
अचानक ढहा मिट्टी का टीला, मलबे में दबीं दोनों महिलाएं
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलुआ कस्बे की निषाद बस्ती निवासी तेतरा देवी (54) पत्नी छोटन निषाद और लक्ष्मीना देवी (36) पत्नी स्वर्गीय भोनू निषाद घरों की साफ-सफाई के लिए गंगा किनारे स्थित बंजर भूमि से मिट्टी खोद रही थीं। इसी दौरान अचानक मिट्टी का टीला भरभराकर ढह गया और दोनों महिलाएं उसके नीचे दब गईं। महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मिट्टी हटाकर दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए स्थानीय चिकित्सकों के पास ले जाया गया।
एक महिला की मौत, दूसरी की हालत गंभीर
चिकित्सकों ने जांच के बाद तेतरा देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, लक्ष्मीना देवी के एक पैर की हड्डी टूट गई है और कमर में भी गंभीर चोट आई है। उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
किसी के सिर से उठा मां का साया, तो किसी के बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
तेतरा देवी अपने पीछे तीन बेटे नीरज, धीरज और रवि तथा एक बेटी सोनी निषाद को छोड़ गई हैं। मां की मौत से बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं, घायल लक्ष्मीना देवी के पति भोनू निषाद का आठ महीने पहले ही निधन हो चुका है। उनके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। पति की मृत्यु के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहीं लक्ष्मीना के गंभीर रूप से घायल होने से परिवार पर संकट और गहरा गया है। हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस, शव परिजनों को सौंपा
घटना की सूचना मिलते ही बलुआ थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह और क्षेत्रीय लेखपाल सतीश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पंचनामा किया और शव परिजनों को सौंप दिया।



