खेत से घर लौटते समय छुट्टा गोवंश ने पटक-पटककर किया था घायल, आठ दिन से चल रहा था उपचार
परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के अमावल गांव में छुट्टा गोवंश के हमले में गंभीर रूप से घायल किसान विकास सिंह (50) की रविवार को वाराणसी के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी, बच्चों सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने घटना की जानकारी सकलडीहा कोतवाली पुलिस को दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।

धान की फसल देखकर घर लौट रहे थे किसान, रास्ते में गोवंश ने किया हमला
अमावल गांव निवासी किसान विकास सिंह बीते 19 सितंबर की सुबह अपने खेत से धान की फसल देखकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक छुट्टा गोवंश ने अचानक उन पर हमला कर दिया। गोवंश ने उन्हें उठाकर कई बार सड़क पर पटक दिया। हमले में किसान के सिर, शरीर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह गोवंश को भगाया और घायल किसान को उपचार के लिए चतुर्भुजपुर स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया।
हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से वाराणसी किया गया था रेफर
चतुर्भुजपुर में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने किसान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए वाराणसी के निजी अस्पताल भेजा गया। करीब आठ दिनों से उनका उपचार चल रहा था। रविवार दोपहर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
मृतक की पत्नी नीतू सिंह, बेटियां निशा सिंह व छोटी सिंह तथा पुत्र सत्यम सिंह सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद ग्रामीणों में भी शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में घूम रहे छुट्टा गोवंश पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।
इस संबंध में कोतवाल भूपेंद्र निषाद ने बताया कि किसान की मौत होने की जानकारी मिली है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।


