परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। विकास भवन सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं, परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता तथा विद्यालयों में चल रहे कायाकल्प कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्माण कार्यों से संबंधित निविदा प्रक्रिया को निर्धारित समय में पूरा कराने तथा सभी निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक निर्माण कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के छात्रावासों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, प्रभावी निगरानी व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित कराने को कहा, ताकि छात्राओं को सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश
सीडीओ ने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा के स्तर में सुधार लाने के साथ ही बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने तथा कायाकल्प अभियान के तहत विद्यालयों में शेष मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से विद्यार्थियों को मिलने वाली छात्रवृत्ति एवं पोशाक की धनराशि के हस्तांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
बिना सूचना विद्यालयों में पहुंचेंगी विशेष टीमें
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अब अधिकारियों की विशेष टीमें बिना किसी पूर्व सूचना के दूर-दराज के विद्यालयों का औचक निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, शिक्षण कार्य, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन तथा अन्य व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी। निरीक्षण रिपोर्ट से उच्चाधिकारियों को तत्काल अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिक्षण कार्य में लापरवाही बरतने अथवा बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई करने को कहा।
बच्चों के भविष्य से समझौता नहीं
सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि बच्चों के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें। कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जवाबदेही तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने जिले में शिक्षा विभाग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों का समयबद्ध ढंग से अनुपालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी, समस्त अपर पंचायत राज अधिकारी तथा जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति के नामित सदस्य उपस्थित रहे।


