परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली
सकलडीहा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची से छूटे नामों को जोड़ने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 21, 22, 28 और 29 नवंबर को आयोजित इस अभियान के तहत शनिवार को नाम जोड़ने के लिए 2,273 आवेदन प्राप्त हुए। उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह के अनुसार, दो दिनों में कुल 4,823 आवेदन जमा किए जा चुके हैं।

दो दिनों में हजारों आवेदन, बूथों पर बढ़ी सक्रियता
अभियान के पहले दिन 1,250 और दूसरे दिन करीब 1,300 आवेदन जमा हुए थे। शनिवार को बड़ी संख्या में मतदाताओं के पहुंचने से बूथों पर सक्रियता बढ़ी रही। नए मतदाताओं के साथ ही एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से छूटे लोगों के नाम जोड़ने के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं।
एसडीएम ने बूथों का किया निरीक्षण
शनिवार को उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह ने विभिन्न बूथों पर पहुंचकर आवेदन पत्रों की जांच की। उन्होंने बीएलओ और सुपरवाइजरों को निर्धारित बूथों पर मौजूद रहकर मतदाताओं की सहायता करने तथा आवेदन प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराने का निर्देश दिया। 29 नवंबर को भी नाम जोड़ने के लिए आवेदन लिए जाएंगे।
कई बूथों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
एसडीएम ने सकलडीहा ब्लॉक के चतुर्भुजपुर, अमावल, नई बाजार, सकलडीहा और बरठी स्थित बूथों का निरीक्षण किया। इसके अलावा चहनिया ब्लॉक के लक्ष्मणगढ़, रामगढ़ समेत कई बूथों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची का आलेख हाल ही में प्रकाशित हुआ था, जिसमें कुल 3 लाख 5 हजार 562 मतदाता दर्ज हैं। एसआईआर के बाद सूची से छूटे नामों को जोड़ने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार विवेकानंद तथा सुपरवाइजर राजेश पासवान, आलोक पांडेय, चंदन यादव, जितेंद्र यादव, विनय सिंह, पूजा सिंह और रंजना सिंह मौजूद रहे।



