निबंध प्रतियोगिता में संयुक्त प्रथम, पोस्टर प्रतियोगिता में लाडो ने हासिल किया पहला स्थान
परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। ब्लॉक संसाधन केंद्र धरहरा में मंगलवार को ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश-2047’ विषय पर निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
निबंध प्रतियोगिता में दिखी विद्यार्थियों की प्रतिभा
खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल कृष्ण तिवारी की देखरेख में आयोजित निबंध प्रतियोगिता में पूर्व माध्यमिक विद्यालय नई बाजार की छात्रा खुशबू राय तथा सीएस रैपुरा की छात्रा अर्पिता ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अमीषा ने द्वितीय तथा आईना ने तृतीय स्थान हासिल किया।

पोस्टर प्रतियोगिता में लाडो प्रथम
चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता में यूपीएस दिघवट की छात्रा लाडो ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कंपोजिट विद्यालय रैपुरा की छात्रा सुहानी विश्वकर्मा ने द्वितीय तथा चंद्रमा ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले सभी विद्यार्थियों को मेडल एवं शील्ड देकर पुरस्कृत किया गया।
विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल कृष्ण तिवारी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों की रचनात्मक क्षमता, लेखन कौशल और अभिव्यक्ति की प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर नवीन सिंह, प्रमोद कुमार, विकल जायसवाल, अरुण रत्नाकर, देवेंद्र प्रताप सिंह यादव, संजय सिंह, दीनदयाल पांडेय, प्रशांत पांडेय सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


