सकलडीहा पीजी कॉलेज के 25 शिक्षकों को प्रतीकात्मक रूप से सौंपे गए कार्ड
परिवर्तन टुडे न्यूज
चंदौली। प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षकों एवं उनके आश्रित परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा से किया। योजना के तहत पात्र शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही पंजाब नेशनल बैंक के सहयोग से 1.50 करोड़ रुपये तक का आकस्मिक बीमा, तीन करोड़ रुपये तक का एयर एक्सीडेंट कवर, ओपीडी एवं डे-केयर सेवाओं के लिए सहायता तथा 12 लाख रुपये तक के टर्म इंश्योरेंस का लाभ भी मिलेगा।

कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ सजीव प्रसारण
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का चंदौली स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें जनपद के अशासकीय, राजकीय, सहायता प्राप्त एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के प्राचार्यों तथा शिक्षकों ने सहभागिता की। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और यह योजना उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को बदलती तकनीक, सोशल मीडिया तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के सकारात्मक एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करने का भी आह्वान किया।
1100 शिक्षकों के लिए तैयार हो रहे कैशलेस कार्ड
सजीव प्रसारण के उपरांत जिला प्रशासन के तत्वावधान में जनपद के राजकीय, सहायता प्राप्त एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के शिक्षकों को कैशलेस कार्ड वितरित किए गए। जनपद के लगभग 1100 शिक्षकों के लिए कैशलेस कार्ड तैयार किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान सकलडीहा पीजी कॉलेज के 25 शिक्षकों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस कार्ड प्रदान कर योजना का शुभारंभ किया गया।

स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ मिलेगा आर्थिक संबल
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने की। मुख्य अतिथि के रूप में विधायक रमेश जायसवाल उपस्थित रहे। सैयदराजा एवं चकिया विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण योजना है। इससे गंभीर बीमारियों के उपचार का आर्थिक बोझ कम होगा और समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने शिक्षकों से नई पीढ़ी के निर्माण में अपनी भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
शिक्षकों के हित में महत्वपूर्ण पहल
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी, कार्यक्रम की नोडल अधिकारी प्रोफेसर सुकृति मिश्रा, उप नोडल अधिकारी प्रोफेसर प्रदीप कुमार पाण्डेय सहित जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
सकलडीहा पीजी कॉलेज के सभी शिक्षकों के बने कार्ड
इस बाबत सकलडीहा पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर प्रदीप कुमार पाण्डेय ने बताया कि महाविद्यालय के सभी पात्र शिक्षकों के मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत कैशलेस स्वास्थ्य कार्ड तैयार हो चुके हैं। उन्होंने इस शिक्षक हितैषी योजना के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। वहीं महाविद्यालय के प्रशासक डॉ. ज्ञान प्रकाश वर्मा, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी वाराणसी तथा कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय ने भी योजना के सफल क्रियान्वयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे शिक्षकों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम का संचालन विन्ध्याचल मिश्र ने किया, जबकि अंत में प्रोफेसर सुकृति मिश्रा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



