परिवर्तन टुडे न्यूज
चंदौली। जनपद की रैंकिंग और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में लापरवाही पर गुरुवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग का कड़ा रुख देखने को मिला। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान सीएम डैशबोर्ड पर ‘बी’ एवं ‘सी’ ग्रेड मिलने की आशंका वाले विभागाध्यक्षों को उन्होंने जमकर फटकार लगाई और स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब कार्यों में शिथिलता और डाटा फीडिंग में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

▶ सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग सुधारने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड, आकांक्षात्मक ब्लॉक एवं जनपद, आईजीआरएस, जीरो पॉवर्टी अभियान, गोल्डन कार्ड, फैमिली आईडी, वन पेजर रिपोर्ट तथा लंबित अनुशासनात्मक मामलों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समयबद्ध तरीके से पोर्टल पर डाटा अपडेट करें और योजनाओं की प्रगति धरातल पर दिखाई देनी चाहिए।
▶ डाटा फीडिंग में लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि समय पर डाटा अपलोड न करना सीधे तौर पर जवाबदेही से बचने का प्रयास है। उन्होंने चेतावनी दी कि खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जनपद की रैंकिंग सुधारना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
▶ पीडब्ल्यूडी की धीमी प्रगति पर नाराजगी
निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कई सड़क, पुल एवं भवन निर्माण परियोजनाएं निर्धारित लक्ष्य से पीछे चल रही हैं। संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
▶ आईजीआरएस और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही आकांक्षात्मक ब्लॉक एवं जनपद के मानकों में सुधार, जीरो पॉवर्टी अभियान के अंतर्गत पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ने, गोल्डन कार्ड एवं फैमिली आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाने पर विशेष बल दिया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने दोहराया कि केवल कागजी प्रगति नहीं, बल्कि धरातल पर परिणाम दिखने चाहिए। डाटा अपडेट करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में कोताही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, प्रभागीय वनाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, डीसी मनरेगा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, उप कृषि निदेशक, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



