परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सकलडीहा पीजी कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग की ओर से संस्थान नवाचार परिषद के सहयोग से मंगलवार को महाविद्यालय के सभागार में ‘सेवा फर्स्ट नवाचार चुनौती-2026’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पांच टीमों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न सामाजिक एवं आर्थिक समस्याओं से जुड़े नवाचारी विचारों की प्रभावी प्रस्तुति दी।

अपशिष्ट प्रबंधन पर मिला प्रथम स्थान
प्रतियोगिता में आरती कुमारी एवं अभय कुमार की टीम ने अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर प्रभावी प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सतत कृषि में मृदा स्वास्थ्य विषय पर प्रस्तुति देने वाली अंकिता कुमारी एवं मुस्कान की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। किसानों की आय विषय पर प्रस्तुति देने वाली अंशिका यादव एवं पायल की टीम तृतीय स्थान पर रही।
प्रतियोगिता में तुषालक्ष्मी पांडेय, खुशी खखर, करिश्मा, नाजिया, पल्लवी, राज, कौशिक और खुशबू सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
नवाचार से समाधान और रोजगार के अवसर
अर्थशास्त्र विभाग के प्रभारी प्रो. इन्द्रदेव सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ने की आवश्यकता है। नवीन विचारों को व्यावहारिक रूप देकर समाज की विभिन्न समस्याओं का समाधान किया जा सकता है। साथ ही इससे स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नवाचारी सोच, निरंतर परिश्रम और सामाजिक उत्तरदायित्व के समन्वय से युवा देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मनिर्भर एवं समृद्ध भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
प्राध्यापकों और विद्यार्थियों की रही सहभागिता
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. योगेन्द्र तिवारी ने किया। संयोजन डॉ. मीनू श्रीवास्तव एवं डॉ. अमन मिश्र ने किया, जबकि तकनीकी सहयोग डॉ. श्यामलाल सिंह यादव ने प्रदान किया।
इस अवसर पर डॉ. सीता मिश्रा, डॉ. वंदना कुमारी, डॉ. अनामिका सिंह सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


