ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगा पंजीकरण, 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थियों को मिलेगा अवसर
परिवर्तन टुडे न्यूज
चंदौली। जनपद के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार प्राप्त करने का सुनहरा अवसर उपलब्ध होने जा रहा है। विश्व युवा कौशल दिवस के उपलक्ष्य में आगामी तेरह जुलाई को प्रातः दस बजे से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), रेवसा, परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान तथा जिला सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई के मार्गदर्शन में आयोजित होगा।
जिला समन्वयक, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन अजय कुमार ने बताया कि मिशन निदेशक द्वारा आयोजित ऑनलाइन बैठक के उपरांत रोजगार मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस मेले में अभ्यर्थियों को ऑनलाइन (क्यूआर कोड के माध्यम से) तथा ऑफलाइन (सीधे आयोजन स्थल पर पहुंचकर) दोनों माध्यमों से आवेदन करने की सुविधा प्रदान की जाएगी।
रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की दस से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी, जिनमें मारुति सुजुकी, हिंडाल्को, मैक्सवेल हॉस्पिटल, एसबीआई लाइफ, हर्ट टच होम हेल्थकेयर प्रा. लि., मर्सी होम हेल्थकेयर, एमआरएफ, सुब्रोस लिमिटेड, पी.पी. एंड कंपनी तथा नवजीवन हेल्थकेयर प्रमुख रूप से शामिल हैं। ये कंपनियां विभिन्न पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
मेले में हाईस्कूल, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर तथा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन से प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।
अभ्यर्थियों की आयु 18 से 40 वर्ष के मध्य निर्धारित की गई है। जिला समन्वयक ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने समस्त मूल शैक्षणिक अंकपत्र, प्रमाणपत्र, बायोडाटा तथा चार पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटोग्राफ के साथ निर्धारित समय से आधा घंटा पूर्व, अर्थात प्रातः 9:30 बजे राजकीय आईटीआई, रेवसा पहुंचकर रोजगार मेले में प्रतिभाग करें और रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाएं।



