परिवर्तन टुडे चन्दौली
सकलडीहा। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर गुणवत्ता एवं उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण के लिए प्रयासरत सकलडीहा पीजी कॉलेज को अंतर्राष्ट्रीय संगठन मानकीकरण “आईएसओ प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है। नए शैक्षणिक सत्र में प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ होने के अवसर पर यह उपलब्धि महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व एवं सम्मान का विषय है।
महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व एवं सम्मान
महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि संस्थान में शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक पारदर्शिता, विद्यार्थियों की सुविधाओं तथा अनुशासित कार्यप्रणाली को ध्यान में रखते हुए “आईएसओ मानकों के अनुरूप कार्य किया जा रहा था। इसी के परिणामस्वरूप कॉलेज को यह प्रतिष्ठित प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पाण्डेय ने कहा कि यह उपलब्धि केवल संस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इससे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का विश्वास और अधिक मजबूत होगा तथा उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध कराने के संकल्प को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि अभी कुछ दिन पहले जनभवन लखनऊ में राज्यपाल के समक्ष महाविद्यालय की उपलब्धि को प्रस्तुत किया गया। नए प्रवेश सत्र के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारम्भ हो चुकी है तथा महाविद्यालय में स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर विभिन्न विषयों में प्रवेश लिए जा रहे हैं। कॉलेज में अनुभवी शिक्षकों, समृद्ध पुस्तकालय, डिजिटल सुविधाओं एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है।
इस अवसर प्रो. उदयशंकर झा, प्रो. विजेंद्र सिंह, प्रो महेंद्र सिंह, प्रो. दयाशंकर यादव, डॉ . राजेश यादव, डॉ. अजय यादव, डॉ. जितेंद्र यादव, डॉ. सीता मिश्रा, डॉ. वंदना कुमारी, डॉ. अमन मिश्रा, डॉ. रजनीश गुप्ता इत्यादि उपस्थित रहे।


