परिवर्तन टुडे डेस्क
चंदौली। जनपद के शहाबगंज ब्लॉक अंतर्गत हड़ौरा गांव में सिंचाई व्यवस्था और आवागमन से जुड़ा महत्वपूर्ण रेगुलेटर पुल धंस जाने से ग्रामीणों और किसानों में भारी आक्रोश फैल गया। मामले को लेकर किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया तथा प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई।
बताया गया कि बंधी डिवीजन द्वारा केरायगांव ड्रेन पर सिंचाई व्यवस्था के लिए रेगुलेटर का निर्माण कराया गया था, जिसके ऊपर आवागमन हेतु पुल भी बनाया गया है। सैदूपुर से केरायगांव तक जाने वाली लेहरा शाख नहर रोड इसी पुल से होकर गुजरती है। यह क्षेत्र सिंचाई के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि इसी मार्ग से हजारों बीघा कृषि भूमि तक नहर का पानी पहुंचता है।
ग्रामीणों के अनुसार 20 मई की रात भारी वाहनों के आवागमन के चलते रेगुलेटर पुल का हिस्सा अचानक धंस गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने किसी बड़ी दुर्घटना से बचाव के लिए धंसे हुए स्थान पर लकड़ी और लाल कपड़ा लगाकर लोगों को सतर्क किया। सूचना मिलने पर किसान विकास मंच के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। किसान विकास मंच के मंत्री राम अनंत पांडेय ने कहा कि पुल पूरी तरह जर्जर हो चुका है और यदि इसे तत्काल तोड़कर नया पुल नहीं बनाया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि पुल धंसने से आवागमन बाधित हो गया है और सिंचाई व्यवस्था पर भी संकट गहरा गया है।
संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के इंजीनियर पंकज खेमका से वार्ता कर जल्द मरम्मत कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यह मार्ग लगभग 30 से 40 गांवों के लोगों के तहसील, ब्लॉक और जिला मुख्यालय तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। पुल बंद होने से किसानों के साथ आम जनता को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
वहीं किसान विकास मंच के सलाहकार अशोक सिंह ने मामले की शिकायत सीएम पोर्टल पर दर्ज कराते हुए बंधी डिवीजन के अधिशासी अभियंता सुरेश चंद्र से बातचीत की। प्रधान प्रतिनिधि नित्यानंद ने क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य तथा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह को भी समस्या से अवगत कराया। किसान नेताओं के अनुसार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने जल्द मौके का निरीक्षण कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
इस दौरान अशोक कुमार सिंह, राम अनंत पांडेय, राम अवध सिंह, नित्यानंद, प्रेम नाथ सिंह, दूधनाथ यादव, अमित कुमार यादव, राम पुकार पांडे, बिनोद खरवार, मुन्ना गुप्ता, अभिषेक कुमार, बुद्धू यादव, प्रदीप गुप्ता, मैनेजर शाह, छोटू मिश्र, राजीव सिंह, जगदीश रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान मौजूद रहे।


