परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रत्नेश सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही की दिव्यांग पेंशन की धनराशि जिन दिव्यांगजनों को अभी तक प्राप्त नहीं हुई है, उन्हें शीघ्र पेंशन मिलने की संभावना है।
नई भुगतान प्रणाली लागू करने की प्रक्रिया जारी
उन्होंने बताया कि 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले इंदिरा गांधी दिव्यांग पेंशन योजना के लाभार्थियों की पेंशन भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में नई एसएनए स्पर्श प्रणाली के माध्यम से भेजी जानी है।
इस नई प्रणाली को लागू करने के लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) और साइबर कोषागार के सहयोग से आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
पेंशन मिलने में लग सकता है एक माह का समय
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि नई भुगतान प्रणाली को पूरी तरह लागू करने में लगभग 15 दिन से एक माह तक का समय लग सकता है। इस कारण प्रथम तिमाही की पेंशन की धनराशि कुछ पात्र लाभार्थियों के खातों में अभी तक नहीं पहुंच सकी है।
आधार से जुड़े खाते में भेजी जाएगी धनराशि
निदेशालय दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा अवगत कराया गया है कि एसएनए स्पर्श प्रणाली लागू होते ही छूटे हुए पात्र दिव्यांग लाभार्थियों की पेंशन राशि उनके आधार से जुड़े बैंक खाते में भेज दी जाएगी।
विभाग ने पात्र दिव्यांगजनों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। प्रणाली लागू होने के बाद लंबित पेंशन की धनराशि नियमानुसार लाभार्थियों के आधार से जुड़े खातों में प्रेषित कराई जाएगी।


