परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली। डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल की दोनों शाखाओं में नए प्रधानाचार्यों की नियुक्ति को लेकर गुरुवार को वाराणसी के महमूरगंज स्थित पिंड बलूची में भव्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बिशुनपुरा, चंदौली शाखा के प्रधानाचार्य पद पर श्वेता जी. रघुवंशी तथा सुल्तानपुर शाखा के प्रधानाचार्य पद पर अरविंद पाठक की नियुक्ति की घोषणा की गई।

अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राथमिकता
नवनियुक्त प्रधानाचार्य श्वेता जी. रघुवंशी ने कहा कि विद्यालय में अनुशासन कायम रखने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने और आगामी बोर्ड परीक्षाओं में विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर जोर दिया।
विद्यालय की शाखाओं के विस्तार का लक्ष्य
वहीं सुल्तानपुर शाखा के नवनियुक्त प्रधानाचार्य अरविंद पाठक ने कहा कि दोनों शाखाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर एक समान शैक्षणिक संस्कृति विकसित करना उनका उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि शून्य से एक नए विद्यालय की शुरुआत करना चुनौतीपूर्ण कार्य है। आगामी एक दशक में डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल की अनेक शाखाओं का विस्तार करना उनका सपना है।
तीन वर्षों में दूसरी शाखा की ओर अग्रसर विद्यालय
विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने कहा कि जीवन में दूरदृष्टि बड़ी होनी चाहिए। वर्ष 2023 में स्थापित विद्यालय महज तीन वर्षों में दूसरी शाखा शुरू करने की दिशा में अग्रसर है। इस वर्ष विद्यालय के विद्यार्थी पहली बार बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित होंगे। ऐसे में उनका उत्कृष्ट प्रदर्शन विद्यालय की प्रमुख प्राथमिकता है।
शिक्षक ही विद्यार्थी की सफलता के सबसे बड़े शुभचिंतक
डॉ. तिवारी ने शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा, “दुनिया में शिक्षक से महान कोई नहीं होता, क्योंकि विद्यार्थी की सफलता में सबसे अधिक प्रसन्न होने वाला व्यक्ति उसका शिक्षक ही होता है।” उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देने और उनके भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विद्यालय के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि सीबीएसई की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को वित्तीय शिक्षा प्रदान करना भी विद्यालय की प्राथमिकता है, ताकि वे आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी बनें और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हो सकें।
समारोह में 120 से अधिक अतिथि रहे उपस्थित
समारोह में 120 से अधिक अतिथियों के साथ शिक्षक, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन में नई नियुक्तियों को लेकर उत्साह देखने को मिला। दोनों प्रधानाचार्यों की नियुक्ति से विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को नई दिशा मिलने तथा विस्तार की योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद जताई गई।



