परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश तथा जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी के निर्देशन में शुक्रवार को वृद्धाश्रम चंदौली में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव निकिता गौड़ ने वृद्धजनों को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं कल्याण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। इस दौरान वृद्धाश्रम के निदेशक गिरिजेश राय, कर्मचारीगण तथा वृद्धजन उपस्थित रहे।

वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों और सरकारी योजनाओं पर दी जानकारी
शिविर में निकिता गौड़ ने कहा कि बढ़ती उम्र के साथ उत्पन्न होने वाली समस्याओं को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, सुरक्षा एवं सम्मानजनक जीवन के लिए विभिन्न नीतियां और योजनाएं बनाई हैं। सरकार वृद्धावस्था से संबंधित अंतरराष्ट्रीय कार्ययोजनाओं, विशेषकर मैड्रिड अंतरराष्ट्रीय कार्ययोजना के क्रियान्वयन के लिए भी प्रतिबद्ध है।
उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण से संबंधित कानूनों की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत माता-पिता और दादा-दादी को अपने बच्चों से आवश्यकतानुसार भरण-पोषण प्राप्त करने का अधिकार दिया गया है। इसके साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के जान-माल की सुरक्षा, बेहतर चिकित्सा सुविधाएं तथा वृद्धाश्रमों की स्थापना जैसी व्यवस्थाएं भी कानून में सुनिश्चित की गई हैं।
जागरूकता के अभाव में अधिकारों से वंचित हैं बुजुर्ग
उन्होंने कहा कि कानून की पर्याप्त जानकारी न होने और विभिन्न स्तरों पर प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में वृद्धजन अपने कानूनी अधिकारों एवं सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। ऐसे में वरिष्ठ नागरिकों को जागरूक करना और उन्हें उनके अधिकारों से परिचित कराना बेहद आवश्यक है।
वृद्धजनों को वितरित किए चश्मे
शिविर के दौरान पूर्णकालिक सचिव निकिता गौड़ द्वारा वृद्धजनों को चश्मे वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए सहायता प्रदान करना रहा।



