60 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां लेंगी हिस्सा, 12 हजार से 35 हजार रुपये तक मिलेगा मासिक वेतन
परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली
सकलडीहा। शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से 30 नवंबर सोमवार को सकलडीहा पीजी कॉलेज सकलडीहा में जिला स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। श्रम एवं सेवायोजन विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत आयोजित इस मेले में देश की 60 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी। मेले के माध्यम से युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता और दक्षता के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

1500 रिक्त पदों पर होगा चयन
रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों की ओर से कुल 1500 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 12 हजार से लेकर 35 हजार रुपये तक प्रतिमाह वेतन मिलने का अवसर रहेगा। रोजगार मेले में आठवीं पास से लेकर हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, बीए, बीएससी, बीटेक, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, एमबीए सहित विभिन्न शैक्षिक योग्यताओं वाले अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है।
निःशुल्क पंजीकरण शुरू
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का निःशुल्क पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। इच्छुक युवक-युवतियां अपनी योग्यता के अनुसार पंजीकरण कराकर कंपनियों की चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। यह मेला जिले के युवाओं के लिए रोजगार पाने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।
प्राचार्य ने बैठक कर सौंपी जिम्मेदारी
रोजगार मेले के सफल आयोजन को लेकर महाविद्यालय स्तर पर प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय की अध्यक्षता में प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों की आवश्यक बैठक हुई। बैठक में आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी को उनके दायित्व सौंपे गए। प्राचार्य ने सभी से आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री होंगे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। रोजगार मेले की तैयारियां महाविद्यालय में जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन को लेकर महाविद्यालय प्रशासन उत्साहित है और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है।



