परिवर्तन टुडे डेस्क
चंदौली। जनपद में बीते 24 घंटे के भीतर तीन जघन्य हत्याओं को अंजाम देकर दहशत फैलाने वाले शातिर अभियुक्त को चंदौली पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ में मार गिराया। चन्दौली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने पूरे जिले में फैले भय के माहौल को समाप्त कर दिया है। इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त की पहचान गुरप्रीत सिंह, निवासी अमृतसर के रूप में हुई है। वह वर्ष 2021 में सेना से सिपाही पद से हटाया गया था और हाल के दिनों में मानसिक रूप से अत्यधिक विचलित तथा आक्रोशित बताया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, सबसे पहले 10 मई 2026 की सुबह डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर में जमानिया निवासी मंगरू नामक व्यक्ति की सिर में गोली मारकर हत्या की गई। इसके बाद 11 मई की रात करीब 2 बजे जम्मूतवी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक अन्य व्यक्ति की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई।
तीसरी और सबसे सनसनीखेज वारदात सुबह करीब 7 बजे जीवक अस्पताल में हुई, जहां आरोपी ने इलाज करा रही महिला लछमिना को अस्पताल के भीतर घुसकर सिर में गोली मार दी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने 9 मई से प्रयागराज, चंदौली और आसपास के क्षेत्रों में लगातार ट्रेनों से यात्रा की और बिना किसी व्यक्तिगत दुश्मनी या ठोस कारण के रैंडम तरीके से निर्दोष लोगों को निशाना बनाया। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और लोकेशन हिस्ट्री से तीनों हत्याओं में उसकी संलिप्तता की पुष्टि हुई। पुलिस आरोपी को घटनास्थल के पुनर्निर्माण (सीन रिक्रिएशन) के लिए डीडीयू नगर और बाद में सकलडीहा ले गई थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया।

तत्काल एसओजी, जीआरपी, अलीनगर और सकलडीहा पुलिस की संयुक्त टीम ने कॉम्बिंग अभियान शुरू किया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के सीने में गोली लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक रिवॉल्वर और जीवित कारतूस, 3 खोखा कारतूस, बैरल काटकर छोटी की गई DBBL गन बरामद की है। प्रारंभिक जांच में दोनों हथियार लाइसेंसी प्रतीत हो रहे हैं।
लगातार तीन हत्याओं से पूरे जिले में दहशत का माहौल था। आरोपी के मारे जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ ऐसी ही सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







