परिवर्तन टुडे
story By- मनोज कुमार मिश्रा
चंदौली। जनपद में महज 24घंटे के भीतर दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई नृशंस हत्याओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर चकिया क्षेत्र में युवक की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई, वहीं दूसरी ओर अलीनगर क्षेत्र में दिनदहाड़े साइकिल सवार युवक को गोली मार दी गई। लगातार हुई इन वारदातों के बाद जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
पहली घटना चकिया थाना क्षेत्र के जोगिया कला गांव की है। शुक्रवार की रात घर के बाहर चारपाई पर सो रहे 34वर्षीय ब्रजेश यादव की अज्ञात हमलावरों ने कुल्हाड़ी से प्रहार कर निर्मम हत्या कर दी। शनिवार सुबह जब परिजन जागे तो चारपाई पर खून से लथपथ शव देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना मिलने पर चकिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
वहीं दूसरी घटना अलीनगर थाना क्षेत्र के पटपरा गांव के समीप हुई। यहां शनिवार को दिनदहाड़े साइकिल से जा रहे चतुर्भुजपुर निवासी 38वर्षीय मनोज कुमार को अज्ञात बदमाशों ने रोककर गोली मार दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दिन के उजाले में हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
24घंटे के अंदर में दो हत्याओं की घटनाओं ने जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर बहस छेड़ दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का भय कम होता दिखाई दे रहा है। उनका आरोप है कि बेखौफ बदमाश खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे आमजन में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों के खुलासे के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



