परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के पौरा गांव में रविवार देर रात चोरी के प्रयास की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, शोर-शराबा होने पर चोर मौके से भाग निकले। घटना की सूचना तत्काल यूपी-112 को दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, पौरा गांव गांव निवासी मुनीब पाठक अपने परिवार के साथ बाहर रहकर व्यापार करते हैं और समय-समय पर गांव स्थित अपने मकान पर आते-जाते रहते हैं। आरोप है कि रविवार देर रात कुछ अज्ञात व्यक्ति उनके मकान का ताला तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान आहट मिलने पर आसपास के लोग जाग गए और शोर मचाने लगे, जिसके बाद चोर वहां से भाग निकले।
परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि घटना के दौरान मकान से तीन बोरा चावल तथा दो बोरा गेहूं गायब मिले। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि भागते समय एक संदिग्ध की पहचान हुई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद गांव में लोगों के बीच भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को परिजन सकलडीहा थाने पहुंचकर घटना की लिखित तहरीर पुलिस को सौंपी तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग की।



