पूर्व प्रबंधक वीरेंद्र नाथ पांडेय ने सौंपा कार्यभार, विद्यालय को नई दिशा देने का संकल्प
परिवर्तन टुडे न्यूज, चन्दौली
सकलडीहा। बट्ठी उच्चतर माध्यमिक बालिका विद्यालय समिति, बट्ठी द्वारा संचालित बट्ठी बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज एवं बट्ठी जूनियर हाईस्कूल बालिका विद्यालय में सोमवार को नवनिर्वाचित प्रबंधक अरुण कुमार यादव ने विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व प्रबंधक वीरेंद्र नाथ पांडेय ने उन्हें प्रबंधकीय दायित्व सौंपा। इस दौरान विद्यालय परिवार एवं समिति के सदस्यों ने नवनिर्वाचित प्रबंधक का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
नई पीढ़ी को सौंपी जिम्मेदारी
पूर्व प्रबंधक वीरेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यालय को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए गए। उम्र अधिक होने के कारण अब विद्यालय की जिम्मेदारी नई पीढ़ी को सौंपना आवश्यक हो गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए प्रबंधक विद्यालय की उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए इसे और सुदृढ़ बनाने का कार्य करेंगे। उन्होंने अरुण कुमार यादव को नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।

बेहतर शैक्षिक वातावरण का संकल्प
नवनिर्वाचित प्रबंधक अरुण कुमार यादव ने कहा कि पूर्व प्रबंधक द्वारा विद्यालय के विकास के लिए किए गए कार्य प्रेरणादायी हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ लेकर विद्यालय को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय को वर्तमान शैक्षिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के साथ छात्राओं को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी।
बालिका शिक्षा को बताया विकास की आधारशिला
समिति के सदस्य वरुण पांडेय ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला है। विद्यालय के संस्थापक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्याम लाल जी ने अपनी जन्मभूमि में बालिकाओं की शिक्षा के लिए जो सपना देखा था, वह आज साकार हो रहा है। क्षेत्र की बेटियां इस विद्यालय में शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य का निर्माण कर रही हैं और आगे चलकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देंगी।
पूर्व प्रबंधक का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रबंधक वीरेंद्र नाथ पांडेय को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया तथा उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट किया गया। विद्यालय परिवार एवं समिति के सदस्यों ने उनके कार्यकाल में किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर समिति के सदस्य शशिकांत सिंह, कोषाध्यक्ष योगेंद्र योगी, शालिनी यादव, राज बहादुर यादव, कृष्ण मोहन गुप्ता, गोरखनाथ यादव, प्रधानाचार्या उषा गुप्ता, सहायक अध्यापिका शारजहां बानो, राम मोहन पांडेय, अश्विनी श्रीवास्तव, निधि सिंह, साक्षी गुप्ता, लिपिक सर्वजीत यादव सहित शिक्षक-शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


