ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
परिवर्तन टुडे न्यूज, चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के फेसूडा गांव में शनिवार की शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार पारस पॉल (55) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना की जांच के साथ ही फरार चालक की तलाश में जुटी है।
बाजार से सामान लेकर घर लौट रहे थे पारस
फेसूडा गांव निवासी पारस पॉल शनिवार की शाम आवश्यक सामान की खरीदारी के लिए बाजार गए थे। खरीदारी करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ज्योही गांव के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पारस गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना सैयदराजा थाना पुलिस को दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस फरार चालक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।


